शनिवार की दोपहर अंबेडकर चौक (पनामा चौक) के पास एक बेकाबू ट्रक ने स्कूटी पर जा रही युवती को कुचल दिया। युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका निशा शर्मा (23) गुड़ा बख्शी नगर की रहने वाली थी।
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत निशा दोपहर 12 बजे अमरनाथ यात्रा के लिए रेलवे स्टेशन स्थित सरस्वती धाम में स्पेशल ड्यूटी देकर घर को लौट रही थी। पुलिस ने ट्रक (जेके02आर 7685) को जब्त करते हुए नागबनी, दोमाना के रहने वाले चालक कुलवंत सिंह कोे गिरफ्तार कर लिया है। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार निशा बिश्नाह अस्पताल में बतौर आपरेशन थियेटर तकनीशियन कार्यरत थी। इन दिनों उसकी ड्यूटी अमरनाथ यात्रा में यात्रियों के स्वास्थ्य जांच के लिए सरस्वती धाम में लगी हुई थी।
ड्यूटी से घर लौटते समय अंबेडकर चौक पर पीछे से आए ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, लेकिन ट्रक चालक नहीं रुका और ट्रक को स्कूटी सहित खींचता हुआ काफी दूर तक ले गया। युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब उसकी जान जा चुकी थी।
गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गांधी नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।