रविवार देर रात एक ट्रक की टक्कर से फारेस्ट गार्ड की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कालेज अस्पताल जम्मू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना दोमाना पुलिस स्टेशन के अंतर्गत पलौड़ा फारेस्ट पोस्ट की है। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक चालक ने ट्रक को फारेस्ट पोस्ट के बीच घुस दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरी पोस्ट उखड़कर पास में रणवीर नहर के बीच जा गिरी। ट्रक जम्मू से अखनूर की ओर जा रहा था।
हादसे में फारेस्ट गार्ड ध्यान सिंह नहर में जाकर गिरा, जबकि मनोहर लाल किसी तरह से बाहर निकल आया। अन्य गार्ड नवीन दत्ता को भी दो घंटों के बाद पानी से निकाला गया। ध्यान सिंह को सोमवार सुबह करीब चार बजे नहर से निकाला गया।
उसे तुरंत मेडिकल कालेज पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एनडीआरएफ की टीम ने ध्यान सिंह को करीब चार घंटों की मशक्कत के बाद करीब दो किलोमीटर दूर नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने ट्रक चालक सुदेश कुमार को हिरासत में ले लिया है।
उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वन विभाग ने भी इसे लेकर मामला दर्ज किया है। ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोस्ट की जगह पूरी तरह से प्लेन हो गई है। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है।