ग्रामीण और छोटे कस्बे की युवतियों को सेक्स स्कैंडल में फंसाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो स्थानीय दुकानदार भी हैं। सोमवार की देर रात अखनूर के अलग-अलग इलाकों में हुई छापामारी से उन लोगों में हड़कंप मच गया, जिनके नाम पुलिस के पास पहुंचे हैं।
इनमें कई प्रतिष्ठित लोगों के नाम भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों एक लापता युवती द्वारा पुलिस को स्कैंडल की दी गई जानकारी में कहा गया कि राजनीति और व्यापार जगत की कई हस्तियां इस घिनौने कृत्य में शामिल हैं।
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अखनूर कसबे में देर रात तक कई जगह छापे मारे। तीन लोगों को दबोचा गया है। इनमें अखनूर कसबे के ही दो दुकानदार शामिल हैं।
अन्य लोगों की तलाश में देर रात पुलिस छापामारी करती रही। पुलिस की कार्रवाई के बाद कसबे के कई दुकानदार और नेता भूमिगत हो गए हैं। कुछ अखनूर छोड़कर अन्य स्थानों पर भाग गए हैं।