यदि आप दिल्ली से जम्मू तक ट्रेन में यात्रा करते हैं, तो सावधान हो जाएं। आजकल चोरों का गिरोह जम्मू आने वाली ट्रेनों के यात्रियों को शिकार बना रहा है।
चार दिन पहले भी चोर राजधानी में सफर करने वाले यात्रियों के लाखों के माल ले उड़े थे। राजधानी एक्सप्रेस के केबिन-ई में सफर करने वाली इंदु गुजराल के अनुसार वारदात के दौरान वह सो रही थी।
जम्मू पहुंचने से लगभग आधे घंटे पहले नींद खुली, तो उन्होंने कीमती सामान गायब पाया। उनके पर्स में सात हजार रुपये नकद, डिजिटल कैमरा, एटीएम कार्ड, चेक बुक और अन्य सामान नहीं था।
इसकी शिकायत उन्होंने टीटीई को करने की कोशिश की, तो पता चला कि ट्रेन के अन्य यात्रियों की चीजें भी चोर ले उड़े हैं। इसके बाद उन्होंने जम्मू में जीआरपी से शिकायत की।
जीआरपी के एसएसपी शिव कुमार शर्मा का कहना है कि पिछले कुछ समय से ऐसी वारदातों की शिकायतें आईं हैं। गहन जांच में पता चला है कि लुधियाना स्टेशन से कोई गिरोह रात के समय गुजरने वाली ट्रेनों के यात्रियों को शिकार बना रहा।
गिरोह लुधियाना से जम्मू के बीच सामान उड़ाता है। एसएसपी के अनुसार उन्होंने लुधियाना जीआरपी को इस संबंध में सूचित किया है, ताकि टीम को ट्रैप किया जा सके।