गांधीनगर थाना के अंतर्गत इलाके में सुनार की दुकान करने वाले एक व्यक्ति को अज्ञात लुटेरे ने गन प्वाइंट पर लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने लूट के मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक उन्हें गांधीनगर में रहने वाले कुछ लोगों ने बताया कि इलाके में एक सुनार को गन प्वाइंट पर लुटेरों ने लूट लिया है।
पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल शुरू की तो पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह दुकान पर बैठा काम कर रहा था, तभी कोई उसके पीछे आया तो उसने उसकी पीठ पर पिस्तौल जैसी चीज लगा दी और दुकान पर रखे दो डिब्बे उठा लिए, जिसमें सोने और चांदी के गहने रखे थे।
आरोपी ने उसे शोर भी नहीं मचाने दिया। जब तक वह कुछ समझ पाता और शोर मचाकर लोगों को इसके बारे में बताता, लुटेरा फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस के मुताबिक मामले में जांच-पड़ताल जारी है।
दुकान से मोबाइल चोरी
बख्शीनगर थाना के अंतर्गत रिहाड़ी स्थित एक दुकान पर से मोबाइल चोरी हो गया। विवेक विहार निवासी वरुण शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक वरुण गुप्ता ने बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठा था, वहां पर कुछ लोग आए थे, वह काम में व्यस्त हो गया और उसका मोबाइल गायब हो गया। काफी जगह पर ढूंढा, लेकिन मोबाइल का कुछ पता नहीं चला।