जम्मू के रियासी जिले के अरनास रोड बिड्डा मोड़ पर हुए कांड की जांच में कई चीजें सामने आ रही हैं। सूत्रों की मानें तो मरने वाली महिला, अस्पताल में भर्ती घायल व्यक्ति और एक पांच साल की बच्ची मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। जो कटड़ा के वैष्णो देवी में मां के दर्शन करने आए थे। कटड़ा में सीसीटीवी कैमरे की मदद से कुछ फुटेज की तस्वीरें सामने आई हैं।
इससे इस मामले की गुत्थी सुलझाई जा सकती है। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में 174 के तहत जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार कटड़ा के यात्रा पर्ची काउंटर से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में एक तस्वीर मरने वाली महिला की है, दूसरी तस्वीर एक व्यक्ति की है, जिसने महिला की बच्ची को उठा रखा है।
एक तस्वीर में महिला अपनी बच्ची के साथ है और एक तस्वीर में व्यक्ति अकेला है, लेकिन तस्वीरों में दिखने वाला व्यक्ति वह नहीं है, जो घटनास्थल पर घायल अवस्था में मिला। ऐसे में इस मामले की गुत्थी तस्वीरों में दिखने वाले चौथे व्यक्ति के पता चलने पर सुलझ सकती है। इस कांड में चार लोगों के जुड़े होने की सूचना आ रही है।
पुलिस ने अधिकारिक तौर पर किसी की पहचान की पुष्टि नहीं की है, लेकिन घटनास्थल पर मिली बच्ची ने पुलिस को अपनी मां का नाम प्रियंका बताया, बाप का नाम बबलू और खुद का नाम नेहा बताया था। मेडिकल कालेज अस्पताल में नेहा को भर्ती कराया गया है।
जबकि घायल व्यक्ति आईसीयू में भर्ती है, जिसकी हालत अभी नाजुक है। वह बयान देने की हालत में नहीं है। मेडिकल कालेज में भर्ती महिला की सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं, क्योंकि इस कांड में महिला की मौत हो चुकी है, दूसरा घायल व्यक्ति आईसीयू में है और हालत नाजुक है। घायल बच्ची इस कांड की अहम गवाह है, जिसकी जान को खतरा हो सकता है। इसे देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।
बच्ची ने अभी तक यह बताया है कि वह कार में आए थे। बच्ची ने अपना, मरने वाली महिला और घायल व्यक्ति का नाम बताया, लेकिन चौथे शख्स का नाम सामने बच्ची को नहीं पता। रियासी के एसएसपी विवेक गुप्ता का कहना है कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। बहुत जल्द इस मामले की गुत्थी सुलझा ली जाएगी। अभी इस मामले में कुछ भी बताना संभव नहीं है।