फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाकिस्तान ने रची जम्मू को दहलाने की साजिश, वैष्णो देवी और पर्यटक स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता

Tue, 29 Dec 2020 03:05 PM IST
प्रशांत कुमार बृजेश कुमार सिंह
विज्ञापन
वैष्णो देवी और पर्यटक स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता - फोटो : निखिल मेहता
विज्ञापन

पाकिस्तान कश्मीर के बाद अब जम्मू में भी माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रहा है। इसके लिए उसने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा की मदद लेने का षड्यंत्र बुना है। लश्कर अपने स्थानीय नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा है। सीमा पार से लगातार स्थानीय आतंकियों और मददगारों को इस बारे में निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं सतर्क भारतीय एजेसियां पड़ोसी की हर चाल नाकाम करने में जुटी हैं। एक सप्ताह में जम्मू संभाग में लश्कर के छह मददगार गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वैष्णोदेवी तीर्थक्षेत्र व अन्य पर्यटक स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। 

विज्ञापन


सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि एक सप्ताह में पुंछ में एक और जम्मू में दो स्थानों पर लश्कर के मॉड्यूल का भंडाफोड़ होना बड़ी साजिश का इशारा करता है। यह महज इत्तफाक नहीं है। उनका कहना है कि पाकिस्तान की बौखलाहट के पीछे दो-तीन वजहें हैं। पहला घाटी में चुनाव बहिष्कार को दरकिनार कर हाल ही में हुए डीडीसी चुनाव में भारी मतदान होना। दूसरा, पाकिस्तान में अस्थिर हो रही इमरान सरकार और उठापटक से जनता का ध्यान बंटाना है।

यह भी पढ़ेंः इस साल 17 आतंकियों ने किया समर्पण, एक आतंकी की आंखें भालू के भय से खुलीं, फिर वो मुख्यधारा में लौटा
विज्ञापन


ऐसे में वह नए इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए जम्मू संभाग के डोडा, किश्तवाड़ के साथ राजोरी और पुंछ को सॉफ्ट टारगेट बनाया जा रहा है। जम्मू को प्रदेश की राजधानी होने के कारण निशाने पर रखा गया है। इसके लिए स्लीपर मॉड्यूल का सहारा लिया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी पर घुसपैठ की कोशिशें भी जारी हैं।

वैष्णो देवी और पर्यटक स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता

नए साल पर पर्यटक स्थलों और मां वैष्णो देवी के दरबार में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है। सुरक्षा के इंतजाम भी पुख्ता करने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों को आतंकियों की ओर से निशाना बनाए जाने की आशंका के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।

नए संगठन गजनवी फोर्स ने बढ़ाई चिंता
पुंछ में रविवार को पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल के तीन मददगारों के पास से मिले नए संगठन जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स के पोस्टर ने चिंता बढ़ा दी है। यह भी लश्कर का ही प्रॉक्सी संगठन है। द रजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) के बाद अब गजनवी फोर्स भी लश्कर ने गठित किया है ताकि अलग-अलग संगठन में बंटने से सुरक्षा एजेंसियों को उलझाकर साजिशों को अंजाम दिया जा सके।
 
पूरी स्थिति पर पैनी नजर है। सुरक्षाबल पूरी तरह से सतर्क हैं। पाकिस्तान की कोई भी कोशिश कामयाब नहीं होने दी जाएगी। सीमा से लेकर आंतरिक इलाकों में पूरी मुस्तैदी है। यही वजह है कि आतंकी संगठनों की हर कोशिश को नाकाम बनाया जा रहा है। -मुकेश सिंह, आईजी, जम्मू
विज्ञापन

हाल की प्रमुख घटनाएं

28 दिसंबर-जम्मू में लश्कर का एक मददगार दो ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार। हाईवे पर हमले का टास्क।
27 दिसंबर-पुंछ में गजनवी फोर्स के तीन मददगार छह ग्रेनेड के साथ धरे गए। सीमावर्ती गांव अड़ी में मंदिर पर हमले की थी साजिश।
27 दिसंबर-आईबी पर सांबा सेक्टर में चलियाड़ी गांव में आईएसआई से वॉकी-टॉकी पर हुई बातचीत इंटरसेप्ट।
25 दिसंबर-जम्मू में टीआरएफ के दो आतंकी एके-47 राइफल, पिस्टल व भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार।

यह भी पढ़ेंः बर्फबारी से खिले कारोबारियों के चेहरे, चांदी-सा चमका माता वैष्णो देवी का दरबार, देखिए तस्वीरें
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें