पंचैरी ब्लॉक के मोंगरी तहसील में कलसोत क्षेत्र के गुरसला गांव की महिला रविवार को अचानक लापता हो गई थी। सोमवार को उसका शव पवित्र शिव पार्वती गुफा स्थल मोंगरी के पास नाले से बरामद हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। महिला के कपड़े व अन्य सामान नाले के किनारे से मिले।
जानकारी के अनुसार गुरसाल निवासी रेखा देवी रविवार को संदिग्ध हालत मेें अचानक घर से लापता हो गई थी। बताया जाता है कि वह घर से नाले में नहाने के लिए गई थी। लेकिन, वापस नहीं लौटी।
इस पर परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। बाद में नाले के नजदीक उसके कपड़े मिले। परिवार ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
सोमवार को मोंगरी इलाके में ही नाले के पास महिला के कुछ कपड़े और चप्पल बरामद हुए। बाद में उससे कुछ ही दूरी पर पवित्र शिव पार्वती गुफा स्थल मोंगरी के पास नाले से शव भी बरामद हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसे बाद में परिवार को सौंप दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि दो दिनों से लगातार जारी बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से महिला पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई होगी। पुलिस हर पहलू पर मामले में जांच-पड़ताल कर रही।