बिजली के खंभे से एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में लटका पाया गयाञ मृतक के मुंह में रुमाल घुसा हुआ था। इससे मामला संदिग्ध लग रहा है और आशंका हत्या की आशंका जताई जा रही है। आशंका है कि किसी ने हत्या कर फंदे से लटका दिया हो। पुलिस हर पहलू को लेकर जांच कर रही है। मृतक बुधवार की रात से घर से लापता था।
गांव करथोली में वीरवार को खेतों में लगे बिजली के हाईटेंशन तारों के खंभे से शव लटकता हुआ देख लोग दंग रह गए। पूछताछ करने पर मृतक की पहचान सोमनाथ के रूप में हुई। परिजनों का कहना है कि वह बुधवार रात को घर से गया था और इसके बाद घर नहीं लौटा।
घटनास्थल से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर ही उसका घर है। वीरवार कुछ लोगों ने इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। मृतक के मुंह में रुमाल घुसा हुआ था। इससे यह मामला संदिग्ध बना हुआ है।
हालांकि, परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने इसे लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बाड़ी ब्राह्मणा महेश शर्मा का कहना है कि फिलहाल पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। अभी परिवार वाले बात करने की स्थिति में नहीं हैं।