जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर जम्मू से करीब 110 किलोमीटर दूरी पर सोमवार को पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त नाके पर आतंकी हमले में एक महिला की मौत हो गई। हमलावर लश्कर आतंकी को भी सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया।
यह हमला कुद से करीब तीन किलोमीटर आगे कुरनाला इलाके में पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त नाके पर बस की रूटीन चेकिंग के दौरान हुआ। आतंकी द्वारा की गई फायरिंग में दो लोग घायल भी हुए हैं। महिला यात्री का शव और घायलों को उधमपुर अस्पताल भेज दिया गया है।
मारे गए आतंकी की पहचान तनवीर हुसैन पुत्र मोहम्मद सुल्तान निवासी बेमिना (श्रीनगर) के रूप में की गई है। मारे गए आतंकी से एक एके-47, 80 राउंड, एक एके मैग्जीन, एक पिस्तौल (9 एमएम), दो पिस्तौल मैग्जीन आदि सामान बरामद हुआ है।
हमले में मारा गया आतंकी
चेकिंग के लिए बस यात्रियों को उतरने के लिए कहा गया और.........
- फोटो : Amar Ujala
पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रही जम्मू कश्मीर स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन की बस (जेकेएसआरटीसी) को कुद से करीब तीन किलोमीटर पहले कुरालनाला के पास पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त नाके पर रूटीन चेकिंग के लिए रोका गया। चेकिंग के लिए बस यात्रियों को उतरने के लिए कहा गया। अधिकतर यात्री नीचे उतर गए थे।
अन्य यात्री भी उतर रहे थे। इसी दौरान बस में सवार आतंकी चेकिंग से घबरा गया और उसने पिस्टल से फायरिंग कर दी। आतंकी द्वारा की गई फायरिंग में दो महिलाएं और एक पुरुष यात्री घायल हो गए। नाके पर तैनात पुलिस और सीआरपीएफ जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की और आतंकी को ढेर कर दिया। आतंकी हमले में घायल हुए यात्रियों को पहले प्राथमिक उपचार केंद्र कुद ले जाया गया।
वहां से उन्हें चिनैनी ले जाया गया। हालत गंभीर होने के चलते वहां से उन्हें जिला अस्पताल उधमपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में एक महिला यात्री ने दम तोड़ दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मारा गया लश्कर आतंकी 2002 में आतंकवाद की ट्रेनिंग लेने पीओके फरार हो गया था। वहां से वो नेपाल के रास्ते 2005 में कश्मीर लौट आया था। कश्मीर पहुंचने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था और वो छह महीने तक जेल में रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक तनवीर हुसैन हिजबुल आतंकी था और उसे हिजबुल मुजाहिदीन ने ही ट्रेनिंग लेने पीओके भेजा था। पर जेल से रिहा होने के बाद वो लश्कर में शामिल हो गया था।