बदचलनी के शक पर एक ही परिवार की दो बहनों की हत्या के आरोपी युवक को पुलिस ने काबूल कर लिया है। पुलिस ने दावा किया है कि इकबालिया बयान में युवक ने माना है कि उसने दो वर्ष पूर्व अपनी बहन का कत्ल किया और फरार होकर कठुआ में रहने लगा। दूसरी बहन का कत्ल उसने पिछले दिनों किया है।
बीते दिन ही 22 वर्षीय रसीला बेगम निवासी जमूला राजोरी का शव डींगा अंब पुलिस चौकी के अधीन मंगलूर गांव से बरामद किया गया था। आरोपी का नाम तनवीर है। पुलिस के अनुसार हत्या की गुत्थी को फिलहाल पूरी तरह से सुलझाने में और समय लगेगा लेकिन प्रारंभिक जांच में यह मामला ऑनर किलिंग का ही लग रहा है।
एसडीपीओ बॉर्डर दिवाकर सिंह ने बताया कि राजोरी की रहने वाली रसीला को एक महीना पूर्व ही राजोरी से मंगलूर आई थी। वह अपने पिता के साथ मंगलूर में अपनी बहन और बहनोई के पास रहने आई थी। कुछ दिनों से वह लापता थी। स्थानीय ग्रामीणों ने शव देखा तो मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में उसके भाई पर संदेह जताया और उसे हिरासत में ले लिया।