भाजपा विधायक और उनके भतीजे पर हमला करने वाले चार आरोपियों में एक अभी भी फरार है। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए विक्रम चौधरी की हालत में कुछ सुधार हुआ है। विक्रम पर किरच से हमला किया गया था। शरीर के काफी अंदर तक किरच लगने से घायल का रविवार देर रात तक आपरेशन किया गया। पुलिस ने घायल के सोमवार को जीएमसी में बयान भी दर्ज किए। आरोपियों से भी पुलिस ने पूछताछ की है।
उल्लेखनीय है कि सुचेतगढ़ के भाजपा विधायक शाम लाल चौधरी के डिग्याना निवास के बाहर रविवार देर शाम को पड़ोस में रहने वाले रंजीत सिंह ने गोलियां चलाई थीं। इसमें विधायक तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उन्हें बचाने आए भतीजे विक्रम पर रंजीत सिंह और उसके बेटों ने किरच से हमला कर दिया। किरच विक्रम की बैक बोन के काफी अंदर तक लग गई।
डाक्टरों का कहना है कि विक्रम की रीड की हड्डी को भी किरच ने नुकसान पहुंचाया है। हालांकि अभी उसकी हालत में सुधार है। गांधी नगर के एसडीपीओ हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस इस मामले के चौथे आरोपी जस्सी को पकड़ने के लिए तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार विधायक और पड़ोसी का वर्षों से विवाद चला आ रहा है।
राजनीति के क्षेत्र में दोनों के अलग-अलग दलों में होने को लेकर भी अकसर तू-तू मैं-मैं होती रहती है। गांधी नगर में ही दोनों के विवाद को लेकर पहले भी मामले दर्ज हो चुके हैं।