सफाई को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने नगर निगम के सफाई कर्मी पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में घायल कर्मी को सरवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने इसे लेकर केस दर्ज कर लिया है। घटना बख्शी नगर के राजपुरा मंगोत्रिया की है। वहीं शहर के त्रिकुटा नगर इलाके में अंडे खरीदने दुकान पर आए व्यक्ति पर अज्ञात कार सवार तीन लोगों ने लात-घूसों से हमला कर दिया। उसे जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम का कर्मी अजय कुमार राजपुरा मंगोत्रियां में सफाई करने गया था। जहां रहने वाले रिक्की ने सफाई करने के लिए कहा। इस पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। इतने में अजय ने अपने कुछ निगम कर्मी साथियों को भी बुला लिया, लेकिन इतने में रिक्की ने अजय पर किसी तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
अजय के साथियों ने उसे सरवाल अस्पताल में पहुंचाया। एसएचओ बख्शी नगर अश्विनी कुमार का कहना है कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। त्रिकुटा नगर के रहने वाले विपन कुमार पर भी कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया।
वह मंगलवार की रात अपने घर के बाहर खू वाली गली में अंडे खरीदने आए थे। तभी एक कार से तीन युवक उतरे और उसे बुरी तरह से पीटने लगे। इसके बाद वह वहां से भाग निकले। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इसे लेकर केस दर्ज कर लिया है।