सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू में पीजी/यूजी कोर्स (5/2/3 साल प्रोग्राम) और पीएचडी प्रोग्राम के लिए हुए कामन एंट्रेंस टेस्ट के नतीजे घोषित होने के साथ दाखिला प्रक्रिया को 20 से शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इस बार दस हजार के करीब परीक्षार्थी टेस्ट में बैठे थे, लेकिन करीब नौ सौ सीटें होने से हर एक सीट के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहेगी। खासकर इंटिग्रेटिड और यूजी कोर्सों के लिए ज्यादा टक्कर रहेगी। इसके अलावा पीजी सीटों के लिए भी मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों को मौका दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सेंट्रल यूनिवर्सिटी राजस्थान के बैनर तले देशभर की नौ सेंट्रल यूनिवर्सिटी में एक साथ कामन एंट्रेंस टेस्ट करवाए गए थे। इस बार राज्य के विद्यार्थियों के लिए जम्मू के अलावा कठुआ और उधमपुर में भी परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे।
जम्मू सेंट्रल यूनिवर्सिटी में इंटिग्रेटिड कोर्सों के लिए करीब दो सौ, पीजी के करीब पांच सौ और यूजी के लिए करीब दो सौ सीटें हैं। टेस्ट में जिन विद्यार्थियों ने क्वालीफाई किया है, उन्हें मेरिट के आधार पर संबंधित विषयों में मौका दिया जाएगा। दाखिला इंचार्ज अकादमिक कोआर्डिनेटर प्रो. लोकेश वर्मा के अनुसार बीस जून से दाखिला प्रक्रिया को शुरू करने की योजना है।
इंटरनेट सेवा बंद रहने से परेशान रहे छात्र
सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू के कामन एंट्रेंस टेस्ट के नतीजों को जानने के लिए परीक्षार्थी इंटरनेट सेवा बंद रहने से परेशान रहे। हालांकि शुक्रवार दोपहर बाद इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई थी, लेकिन नतीजे इससे एक दिन पहले ही घोषित किए जा चुके थे। इससे मोबाइल पर शुरू में परीक्षार्थी नतीजे नहीं देख पाए।
इन विषयों में ले पाएंगे दाखिला
बारहवीं के बाद करवाए जाने वाले पांच वर्षीय इंटिग्रेटिड कोर्स में एमएससी फिजिक्स, केमिस्ट्री, बाटनी, जूलाजी शामिल हैं। इसके अलावा दो वर्षीय कोर्सों में एमएससी इन्वायरमेंटल साइंस, एमटेक कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी, एमएससी मैटीरियल साइंस एंड टेक्नोलॉजी, एमए/एमएससी एप्लाइड मैथमेटिक्स, एमए इकनामिक्स, एमए पब्लिक पालिसी एंड पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, एमए सोशल वर्क, एमए मास कम्युनिकेशन एंड न्यू मीडिया, एमए नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज, एमएड, एमए इंग्लिश एंड कंपरेटिव लिटरेचर, एमए हिंदी, एमबीए (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट), एमबीए (सप्लाई चैन मैनेजमेंट), एमबीए (टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट) और तीन वर्षीय कोर्सों में बी वाक (रिटेल मैनेजमेंट और बी.वाक (टूरिज्म मैनेजमेंट) शामिल हैं। एक साल के कोर्स में डिप्लोमा, दो वर्ष में एडवांस डिप्लोमा और तीन वर्ष के कोर्स में डिग्री प्रदान की जाएगी।
इसी तरह पीएचडी प्रोग्राम में मैथमेटिक्स, कंप्यूटर साइंस एंड आईटी, इंवायरमेंटल साइंस, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, इकनामिक्स, पब्लिक पालिसी एंड पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, सोशल वर्क, मास कम्युनिकेशन एंड न्यू मीडिया, एजूकेशन और नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज शामिल हैं। ब्यूटी एंड वेलनेस में एक साल का डिप्लोमा कोर्स करवाया जाएगा।