परगवाल। सीमा क्षेत्र परगवाल के गांव चिवे चक में सोमवार रात को किसानों द्वारा गेहूं की कटाई के बाद बचे नाड को लगी आग से क्षेत्र के किसानों का लगभग 65 ट्राली भूसा जलकर राख हो गया। जिन लोगों का भूसा जला इनमें गांव भलवाल मोलू के जय सिंह का लगभग पच्चीस ट्राली गांव राजपुरा के सागर कुमार का पच्चीस ट्राली और भलवाल मोलू के ही बांका सिंह का 15 ट्राली भूसा शामिल है।
यह भूसा उन्होंने बेचने के लिए इकट्ठा किया था। लोगों के मुताबिक आग इतनी जबरदस्त थी कि उसे बुझाने में दमकल विभाग के पसीने छूट गए। यहां तक कि उनको बाहर से भी दमकल की दो और गाड़ियां मंगानी पड़ी। गनीमत यह रही कि इससे कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। लोगों के मुताबिक छोटी सी जगह से लगी आग इतनी ज्यादा फैल चुकी थी कि इसको बुझाने में दमकल विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रात को हुई बारिश ने बहुत बड़ी राहत देते हुए दमकल विभाग का काम आसान कर दिया और आग पर काबू पाया गया। ब्यूरो