बिश्नाह। बिश्नाह मीरां साहिब मार्ग पर भूमि विवाद में एक प्रापर्टी डीलर ने विवाद सुलझाने आए लोगों पन पिस्टल से गोली चला दी। इसके साथ ही उसके साथियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस मामले में दो लोग घायल हो गए।
बिश्नाह-मीरां साहिब मार्ग पर एक जमीन का विवाद चल रहा है। शनिवार को कुछ लोग इस विवाद के निपटारे के लिए पहुंचे थे। भूमि की खरीद फरोख्त में प्रापर्टी डीलर धर्मेद्र सिंह उर्फ मोती पुत्र प्रीतम सिंह निवासी खौड़ का भी दखल है। भूमि विवाद सुलझाने के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि प्रापर्टी डीलर ने विवाद सुलझाने आए लोगों पर गोली चला दी। साथ ही प्रापर्टी डीलर के साथियों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस गोलीबारी व हमले में सन्नी सडोत्रा व उसका भाई बन्नी सडोत्रा पुत्र सूरज प्रकाश व राकेश शर्मा पुत्र वेद प्रकाश घायल हो गए। हमले में घायल अपनी जान बचाकर पुलिस स्टेशन पहुंच गए। वहीं पर प्रार्टी डीलर भी पहुंच गया। पुलिस ने प्रापर्टी डीलर को व उसके एक साथी को तत्काल ही हिरासत में ले लिया।
उधर घटनास्थल के आसपास कुछ घर व दुकानों पर सीसीटीवी लगे हुए हैं, पुलिस मौके पर की स्थिति की जानकारी के लिए उसकी फुटेज की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी राजेश शर्मा व एसडीपीओ गौरव पराशर ने बताया कि इस बीच सीसीटीवी से छेड़छाड़ की गई है। कस्बे में इस वारदात को लेकर लोगों में प्रापर्टी डीलर के खिलाफ रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्रापर्टी डीलर अपने हथियार के बल पर लोगों से जबरदस्ती जमीन खरीद रहा है व कुछ दिन पहले इसने क्षेत्र के एक नामी बदमाश के खिलाफ मीरां साहिब थाने में फायर कर उससे पैसे मांगने का आरोप लगाकर पुलिस से सुरक्षा मांगी थी।