आरएस पुरा। कई दिन आरएस पुरा उपजिले के कई गांवों में बिजली सेवा चरमराई होने पर ग्रामीणों का गुस्सा वीरवार को भड़क उठा। मीरां साहिब ब्लॉक के कई गांवों के लोगों ने सड़क बंद रख विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मीरां साहिब कस्बे के गांव कृष्णानगर, मरालिया, सिंहपुरा, शहीद भगत सिंह कॉलोनी, शिवनगर आदि के लोगों ने माकपा नेता किशोर कुमार की अगुवाई में मीरां साहिब कस्बे के बाजार में पहुंच कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। किशोर कुमार ने कहा कि सरकार बिजली व्यवस्था ठीक करने में नाकाम साबित हुई है। राज्यपाल सत्यपाल मलिक लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मुहैया करवा रहे हैं। भीषण गर्मी में लोगों को बिना बिजली समय काटना पड़ रहा है। इस मौके पर रिटायर सूबेदार बाबा राम, मास्टर बारीता राम, सुभाष डोगरा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे।
वहीं ओर सिंबल मोड़ में गुरमीत सिंह, हरनाम सिंह, बिशन दास, विनोद शर्मा, पंच हंसराज, हरिराम आदि ने कई घंटे तक आरएस पुरा-जम्मू सड़क जाम कर राज्य सरकार व बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। बिजली की अघोषित कटौती बंद करने की मांग पर जमकर नारेबाज की। ग्रामीणों का कहना है कि दो वर्ष पूर्व बिजली विभाग की ओर से ग्रिड स्टेशन पर नया 10 एमवीए का ट्रंासफार्मर लगाए जाने की मांग की थी। विभाग ने ट्रांसफार्मर लगाया भी पर अब बिजली 24 घंटों में मात्र पांच घंटे ही मिल रही है। इससे इस गर्मी में जीना दूभर हो गया है। बाद में बिजली विभाग के एईई मनजीत सिंह, तहसीलदार आरएस पुरा, एसडीपीओ सौरव पराशर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी सिंबल मोड़ पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को बिजली आपूर्ति सुधारने का भरोसा देकर जाम खुलवाया। अगर बिजली की आपूर्ति सुचारु रूप से नहीं की गई तो वे आंदोलन तेज करेंगे।