जम्मू। मेंढर के बालाकोट में पकड़ी जाने वाली हेरोइन तस्करी का दूसरा रूट कश्मीर संभाग का कुपवाड़ा जिला है। इस जिले की एलओसी के पार बैठे आतंकियों और उनके लिए काम करने वाले तस्करों से भी सिटी पुलिस द्वारा पकड़े गए तस्करों से संपर्क हैं। बहुत जल्द पुलिस की तरफ से इन तस्करों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया जा सकता है। गौरतलब है कि एक साल पहले भी कुपवाड़ा के रहने वाले एक हेरोइन तस्कर को पकड़ा गया था, जिसका भाई पीओके में रहता था और वह उससे हेरोइन की सप्लाई लेता था।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस की एक टीम कुपवाड़ा की एलओसी पर लगातार पूछताछ कर रही है। लेकिन उस पार बैठे आतंकियों और तस्करों को पता चल चुका है कि उनके लिए काम करने वाले पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। बहुत जल्द पुलिस खुलासा कर सकती है कि कुपवाड़ा जिले में रहने वाले तस्कर भी सिटी पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी फयाज और अरशद के संपर्क में हैं। सोमवार को जम्मू के आईजी एम के सिन्हा ने पत्रकार वार्ता में खुलासा किया था कि पाकिस्तान के रावलपिंडी में बैठे हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी जम्मू-कश्मीर में हेरोइन का नेटवर्क चला रहे हैं। पुलिस ने पाकिस्तान से आई 60 करोड़ रुपये की 12 किलो हेरोइन भी बरामद की थी। पुलिस कुपवाड़ा से भी बड़े पैमाने पर हेरोइन बरामद कर सकती है।