बिश्नाह। कस्बे में मंगलवार की देर रात एक विवाह समारोह में आए एक परिवार पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इसमें एक वृद्ध महिला समेत चार लोग जख्मी हो गए। उन्हें उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब संधु चौधरी अपनी मां रजनी चौधरी और परिवार के अन्य सदस्यों सहित बिश्नाह में एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। तभी उनकी गाड़ी के आगे चल रही टाटा मोबाइल वाहन के चालक के साथ रास्ता को लेकर कहासुनी हो गई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन कुछ दूरी पर राधा स्वामी सत्संग के पास टाटा मोबाइल के चालक ने कुछ लोगों को फोन करके बुला लिया। जैसे ही संधु चौधरी परिवार सहित राधा स्वामी सत्संग में पहुंचे तो टाटा मोबाइल गाड़ी के चालक ने रास्ता बंद कर रखा था। संधु चौधरी के पहुंचते ही टाटा मोबाइल गाड़ी चालक व उसके साथियों ने पूरे परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें में संधु चौधरी, रजनी चौधरी सहित चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टाटा मोबाइल के चालक को हिरासत में ले लिया। साथ ही उसकी गाड़ी भी जब्त कर ली। संधु चौधरी ने बताया कि रास्ते में गाड़ी को पास देने को लेकर मामूली कहासुनी को खूनी रंग दे दिया गया। पुलिस ने बताया कि टाटा मोबाइल के चालक ने अपनी पहचान पवन कुमार पुत्र जिया लाल निवासी महमूद पुर के रूप में बताई है। संधु चौधरी की शिकायत पर पवन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पवन के अन्य साथियाें की तलाश कर रही है।