जम्मू। बैंक खाते में नंबर अपडेट करवाकर लाखों रुपये की ठगी के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस को शक है कि दोनों मामलों को एक ही शख्स ने अंजाम दिया है, क्योंकि दोनों मामलों में सीसीटीवी फुटेज में एक ही व्यक्ति दिख रहा है। एक वारदात बुधवार की है तो दूसरी एक महीना पहले की है। एक मामले में महिला के खाते से 19 लाख और दूसरे मामले में कारोबारी के खाते से 24 लाख रुपये ऑनलाइन निकाले गए हैं। दोनों ही मामले में ठग ने उक्त राशि से सोने के गहने खरीदे हैं।
जम्मू के न्यू प्लॉट की रहने वाली शीतल रानी ने पुलिस को शिकायत दी कि उसका हरी मार्केट में एसबीआई का खाता है। बुधवार को एक शख्स मुंह पर मास्क लगाए और टोपी पहने बैंक पहुंचा। आरोपी ने उसके बैंक खाते की जानकारी लेकर कहा कि इसमें एक मोबाइल नंबर अपडेट करना है। बैंक कर्मियों ने मोबाइल नंबर अपडेट किया और इसके लिए बाकायदा आरोपी ने आधार कार्ड भी दिया। जैसे ही बैंक खाते में उक्त नंबर अपडेट हुआ तो आरोपी वहां से चला गया। कुछ देर बाद पता चला कि जम्मू के जैन बाजार में एक सुनार की दुकान से 19 लाख रुपये के गहने खरीदे गए। इसका भुगतान महिला के खाते से इंटरनेट बैंकिंग से हुआ है। महिला को जब इसका पता चला तो पुलिस के पास पहुंची और पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी की पहचान की है, जिसकी धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा है।
वहीं, शहर के तालाब तिल्लो में भी इसी तरह का मामला सामने आया है। 85 साल के कश्मीरी कारोबारी शामजी को तीन दिन पहले पता चला कि उनके खाते से 24 लाख रुपये निकले गए हैं। उनका खाता तालाब तिल्लो की एसबीआई ब्रांच में है। शामजी ने पुलिस को बताया कि वह तीन दिन पहले जब अपने खाते की जानकारी लेने बैंक पहुंचा तो पता चला कि उसके खाते से 24 लाख रुपये निकाले गए हैं। जब बैंक डिटेल ली गई तो पता चला कि एक व्यक्ति बैंक आया था। जिसने बैंक खाते में नंबर अपडेट कराया और इसके बाद ऑनलाइन बैंकिंग से 24 लाख रुपये का सोना खरीदा गया। पुलिस का मानना है कि दोनों वारदातों को एक ही व्यक्ति ने अंजाम दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------
बबलियाना में नहर में
डूबने से युवक की मौत
जम्मू। शहर के बबलियाना में नहर से युवक का शव मिलने पर सनसनी फैल गई। सुखविंदर सिंह जीवन नगर का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह वीरवार को अचानक से नहर में गिर गया और तेज बहाव में बह गया। युवक को नहर में गिरता देख कुछ लोगों ने उसे बचाने के लिए पीछा भी किया, लेकिन जब तक युवक को नहर से निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी में रखा गया है। मृतक का एक भाई विदेश में रहता है। ब्यूरो
------
किराना दुकान से गट्टू
डोर पकड़ी, मामला दर्ज
जम्मू। शहर में गट्टू डोर की बिक्री पर प्रतिबंध नहीं लग पा रहा है। वीरवार को पुलिस ने जम्मू शहर के पक्का डंगा क्षेत्र में एक दुकानदार के पास से डोर के चार रोल बरामद किए। जिला पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने यह कार्रवाई की है। यह गट्टू डोर एक किराना की दुकान से बरामद हुई है, जबकि आमतौर पर पतंग बेचने वालों के पास ही डोर मिलती है। माना जा रहा है कि पतंग की दुकानों पर सख्ती के चलते अन्य दुकानदार इसे बेचने में लगे हैं। पुलिस का कहना है कि दुकानदार अब मोबाइल पर ही लोगों को गट्टू डोर दे रहे हैं, ताकि किसी को पता न चल सके। पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज किया है। ब्यूरो