जम्मू। जमीन का फर्द इंतखाब जारी करने के एवज में रिश्वत मांग रहे पटवारी के सहयोगी को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने 15 हजार रुपये के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जम्मू के डिग्याना पटवार हलके का पटवारी अरिश परवेज मौके से फरार है। एसीबी अब पटवारी की तलाश में जुट गई है।
शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि उसके रिश्तेदार की गंग्याल के दशमेश नगर इलाके में 6.6 मरला भूमि है, जिसे वे बेचना चाहते हैं। खसरा नंबर 150 मिन में स्थित भूमि के फर्द इंतखाब के लिए उन्होंने सारी औपचारिकताएं पूरी कर आवेदन कर दिया। भूमि मालिक अखनूर में रहे हैं, इसलिए फर्द इंतखाब के आवेदन की उन्हें जिम्मेदारी दी गई। शिकायतकर्ता ने कहा कि कई चक्कर काटने के बाद भी पटवारी ने काम नहीं किया। बाद में पटवारी अरिश परवेज ने 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। कुछ दिन बाद पटवारी के सहयोगी जतिंद्र कुमार उर्फ जतिन ने फोन कर 15 हजार रुपये की रिश्वत की बात दोहराई। एसीबी ने शिकायत मिलने पर जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को रिश्वत के पैसे लेकर भेजा गया और जैसे ही पटवारी के सहायक ने पैसे लिए, उसे एसीबी ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी के अनुसार पटवारी मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।