जम्मू। बस स्टैंड पुलिस ने दो चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बस स्टैंड, ज्यूल, विक्रम चौक, सतवारी और आसपास इलाकों में कुछ दिनों से सक्रिय थे। पहले पकड़े गए चोरों से हुई पूछताछ के बाद मामले का पटाक्षेप हुआ है। इसमें जानकारी मिली है कि तीन लोग हरियाणा से आए हैं और जम्मू में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
एसएचओ बस स्टैंड की अगुवाई में टीम का गठन किया गया। वैष्णो देवी श्रद्धालु के गले से आभूषण छीने गए थे। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों की मदद से चेन स्नेचरों राजेंद्र निवासी पटेला पट्टी (जींद, हरियाणा) और सुरेंद्र कुमार निवासी केरु (जींद, हरियाणा) को रंगेहाथ दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये तीन लोगों का गिरोह है जो वारदात को अंजाम दे रहा है। तीसरे की तलाश जारी है। पीर मिट्ठा में दो दिनों पहले दो महिलाओं से आभूषण छीने थे। इससे पहले ज्यूल चौक और बीसी रोड से चैन स्नेचिंग के मामले सामने आए थे। अभी तक यहां पर सात से ज्यादा महिलाओं के गहनों पर हाथ साफ किया गया है। पहले भी बस स्टैंड पुलिस में चार चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया था। एसएसपी चंदन कोहली ने मामले की पुष्टि की है।