जम्मू कश्मीर में गुरुवार को 636 संदिग्ध मरीजों को निगरानी में लिया गया। अब तक संदिग्ध मामलों के संपर्क में आए 17,677 यात्री और व्यक्ति निगरानी में लिए जा चुके हैं। संदिग्ध मरीजों का आना जारी है। इसमें 10,694 को होम क्वारंटीन, 65 को अस्पताल आइसोलेशन, 622 को अस्पताल क्वारंटीन, 4109 को होम सर्विलांस पर रखा गया है। 2187 लोगों ने 28 दिन की सर्विलांस अवधि को पूरा कर लिया है। कुल 1084 मामलों में 1010 के सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
उधर, दिल्ली की निजामुद्दीन दरगाह पर तब्लीगी जमात के जलसे में शामिल लोगों की पूरे जम्मू-कश्मीर में तलाश और तेज कर दी गई है। अब तक पूरे प्रदेश से 309 लोगों को क्वारंटीन किया गया है। सबसे ज्यादा 169 लोग बारामुला जिले में चिह्नित हुए हैं। जम्मू के 10 रोहिंग्याओं समेत 35 को क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही राजोरी में 33, पुंछ में 23, उधमपुर में 35 व कठुआ में आठ लोगों को चिह्नित किया गया है।
ये सभी लोग या तो तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शरीक हुए या फिर जमात में शामिल होने वालों के संपर्क में आए हैं। बारामुला व कुपवाड़ा में यात्रा इतिहास छिपाने पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी लोगों को आगे आकर यात्रा इतिहास बताने को कहा गया है। पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आने वाले 2000 लोगों की अब तक शिनाख्त की गई है।