कोरोना के तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है। कश्मीर के बाद जम्मू संभाग में फिर से कोरोना का भय सताने लगा है। प्रदेश प्रशासन ने भी मामलों में बढ़ोतरी देखते हुए प्रोटोकॉल का पालन करने के सख्त निर्देश दिए हैं। लेकिन जम्मू शहर में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं।
सार्वजनिक स्थानों में लोगों की भीड़ लगातार उमड़ती जा रही है। खासकर बीसी रोड, बस स्टैंड, मुबारक मंडी और पक्का डंगा आदि बाजारों में लोग बिना मास्क के ही घूम रहे हैं। इसके साथ ही सामाजिक दूरी के निमय का भी पालन नहीं किया जा रहा है। रविवार को शहर के अलग-अलग स्थानों में लगे संडे बाजार में ज्यादातर लोग बिना मास्क के ही नजर आए हैं।
फल बेचने वाले नितिन शर्मा ने बताया कि बस स्टैंड पर दोनों संभागों सहित अन्य राज्यों के लोग पहुंचते हैं। लेकिन कोविड नियमों का पालन नहीं करने से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। बीसी रोड पर गाड़ियों की टिकट काटने वाले शकील ने बताया कि सख्ती के बाद दो दिन ही असर दिखाई देता है। कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना करना चाहिए।