ज्यौड़ियां में खड्ड पर अस्थायी पुल बनाते युवक व ग्रामीण।
ज्यौड़ियां। पंचायत मट्टू के गांव परांगलां के नजदीक तरोटी खड्ड पर बुधवार को ग्रामीणों ने पुल की मरम्मत कर एक बार फिर अस्थायी पुल तैयार किया है। ग्रामीणों की तरफ से बनाया गया यह अस्थायी पुल पिछले दिनों बरसात में बाढ़ आने से बह गया था। जिसकी ग्रामीणों ने मरम्मत कर एक बार फिर तैयार कर दिया है।
क्षेत्र के लोगों के अनुसार इस पुल का लाभ खौड़ की पांच पंचायतों के 20 हजार के करीब लोगों को मिलेगा। पुल बनाने के लिए गांव मट्टू तथा परांगला के युवाओं ने 20 से 25 हजार के करीब रुपये खर्च किया है। युवाओं के अनुसार उन्होंने यह पुल पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य पर बनाया था। पुल की मरम्मत करने के लिए गांव मट्टू निवासी व भाजपा किसान मोर्चा के मीडिया सचिव अंकुश चौधरी ने मुख्य भूमिका निभाई है। जिनका साथ गांव मट्टू, परांगला, बकोर तथा भोररपुर के बीस के करीब युवाओं ने दिया है। अंकुश चौधरी ने बताया कि इस पुल का लाभ पांच पंचायतों के लोगों को मिल रहा था, लेकिन बरसात में पुल बह गया था, जिसमें पंचायत हमीरपुर सिदड पगांली, सैंथ, पंचायत मट्टू तथा धौंचक - बकोर शामिल हैं।
अंकुश चौधरी ने बताया कि इस पुल को गांव मट्टू तथा परांगला के बीस के करीब युवाओं की मेहनत से बनाया गया है। पंचायत मट्टू, पगांली, हमीरपुर सिदड, घरड, सैंथ आदि के लोगों को ज्यौड़ियां जाने के लिए और धौंचक-बकोर पंचायत के लोगों के लिये हेडक्वार्टर खौड़ जाने के लिए यह शार्टकट रास्ता है।
बता दें कि इस खड्ड में 12 माह पानी बहता रहता है। खड्ड पार करने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन युवाओं की सूझबूझ से खड्ड पर पुल बना दिया गया है।
एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर ने युवाओं की तरफ से बनाए गए इस पुल के काम को लेकर प्रशंसा की।