विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग कांग्रेस पुरजोर तरीके से करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर का कहना है कि विपक्ष के सवालों का जवाब देने से बच रही पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार ने साजिशन अल्प अवधि का सत्र बुलाया है। यह रियासत के लोगों के साथ अन्याय है।
सतवारी गांधी चौक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद बातचीत में मीर ने कहा कि शनिवार से होने जा रहे विधानसभा सत्र में कांग्रेस के पास सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए ढेरों मुद्दे हैं।
सबसे अहम विधानसभा सत्र की अवधि को बढ़ाने की मांग पुरजोर तरीके से की जाएगी। उन्होंने कहा कि सप्ताह भर के सत्र में जन समस्याओं को सरकार के समक्ष उजागर नहीं किया जा सकता।
पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार हर क्षेत्र में नाकाम रही है। कांग्रेस जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाते हुए लोगों के मसले जोरदार तरीके से उठाएगी।