रियासी। जिला मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंहगाई पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया है। इस दौरान उन्होंने जनता की कमर तोड़ने का आरोप लगाया है।
वरिष्ठ नेता मुंशी राम सलालिया के नेतृत्व में डाक बंगला के बाहर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार को आम जनता की कोई परवाह नहीं है। लोग पहले से ही कोरोना संकट से जूझ रहे हैं और उस पर महंगाई ने कमर तोड़ दी है। लोग दिहाड़ी तक नहीं लगा पा रहे हैं, जिस कारण परिवारों का गुजारा चलाना मुश्किल हो गया है। कहा कि पीएम अभिभाषण में जनता को दिवाली तक मुफ्त राशन देने की बात करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर यह मुमकिन नहीं है। हर चीज महंगी हो गई है। उन्होंने कहा कि जनता आने वाले समय में माकूल जवाब देगी।