ज्यौड़ियां। एक सप्ताह से क्षेत्र में भीषण गर्मी और तपती धूप ने जीना मुहाल कर दिया है। इसका इंसानों के साथ-साथ पेड़ पौधों पर भी असर पड़ रहा है। गर्मी से पार्कों में फ्लोरीकल्चर विभाग की तरफ से लगाए गए पेड़ पौधे सूखने की कगार पर हैं। सूखते पेड़ों को बचाने के लिए पार्कों में तैनात माली कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
पार्क भलवाल ब्राह्मणा में तैनात माली रमण कुमार तथा विजय कुमार ने बताया कि कुछ दिन से इतनी गर्मी पड़ रही है कि पेड़ों को बचाने के लिए पेड़ों को हर रोज चार से पांच बार पानी देना पड़ रहा है। इसके लिये हम मालियों को बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मालियों ने बताया कि हम यहां कई साल से अस्थायी कर्मचारी ड्यूटी कर रहे हैं। पार्क को हमने पूरी तरह सजा कर रखा है। माली रमण कुमार ने बताया कि हम यहां तीन लोग हैं। सरकार तथा विभाग से हमारा निवेदन है कि हमें हमारी मेहनत और लगन को देख कर स्थायी किया जाए और हमें दो माह का वेतन भी जल्द जारी किया जाए।
पंचायत भलवाल ब्राह्मणा के सरपंच डिंपल शर्मा ने बताया कि पंचायत के पार्क में तैनात माली कड़ी मेहनत से काम कर रहे हैं। इन लोगों ने पार्क को सजा कर रखा है। पार्क की सजावट देखने के लिए आसपास की पंचायत के लोग हर शाम टहलने आते हैं।