कांग्रेस ने कहा है कि रियासत में शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पाकिस्तान, हुर्रियत और आतंकियों को श्रेय देने जैसा विवादास्पद बयान देकर मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने मतदाताओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर ने कहा कि मुफ्ती जैसे सीनियर नेता को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने ऐसा बयान देकर लोगों का दिल तोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि लोगों ने पार्टियों और उनके चुनावी घोषणा पत्र के आधार पर भारी मतदान किया, लेकिन मुफ्ती साहब ने इसका श्रेय पाकिस्तान और आतंकियों को दे दिया।
पीडीपी और भाजपा पर कटाक्ष करते हुए मीर ने कहा कि चुनाव से पहले दोनों दलों ने जो प्रोपोगंडा किया, उस पर दोनों ने ही यू टर्न ले लिया। दोनों दल लोगों से किए वादे को भूलकर नए युग की शुरुआत कर लोगों को बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने मात्र सत्ता हासिल करने के लिए 370 अनुच्छेद और एक विधान, एक प्रधान और एक निशान जैसे मुद्दे को छोड़ गई। वहीं पीडीपी ने भी सेल्फ रूल और अफस्पा जैसे मुद्दों को दरकिनार कर दिया।
अफजल गुरू के मामले में मीर ने कहा कि आप इंतजार करें, अभी कई मुद्दे निकलेंगे। वे उन स्लोग्न और वादों पर एक्सपोज हो चुके हैं, जिनके आधार पर उन्होंने वोट हासिल किए।