शहीद रमेश लाल के स्मारक स्थल पर नमन करते पूर्व मंत्री व अन्या
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। शहीद रमेश लाल के 23वें बलिदान दिवस पर गांव कालोएं में स्मारक स्थल पर एक कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें याद किया गया। 5 सितंबर 1998 को पुंछ सेक्टर में आतंकियों से लड़ते हुए रमेश लाल शहीद हुए थे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता आरएस चिब ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा करने के लिए सुरक्षा बल अहम भूमिका निभा रहे हैं। शहीद रमेश लाल ने अपना फर्ज निभाते हुए बलिदान दिया है। इसे सदा याद रखा जाएगा।
जम्मू कश्मीर में पाक प्रायोजित उग्रवाद का मुकाबला करने के लिए सीमा सुरक्षा बल व सेना का विशेष संदर्भ देते हुए चिब ने कहा कि किसान बीएसएफ अधिकारियों और जवानों के काम से पूरी तरह संतुष्ट और खुश हैं। जिन किसानों की जमीन बाड़ के दूसरी तरफ स्थित है। वे बुवाई और कटाई के मौसम में सहयोग के लिए बीएसएफ अधिकारियों के बहुत आभारी हैं।
चिब ने आगे कहा कि बीएसएफ जवानों के किसानों को दिए गए मार्गदर्शन और सहायता को हमेशा याद किया जाएगा। पूर्व सांसद तरलोक सिंह बाजवा ने इस अवसर पर कहा कि शहीद रमेश लाल पर गर्व है। उन्होंने युवाओं को उनके बलिदान से प्रेरणा लेने, आगे आने और देश की सेवा करने के लिए रक्षा बलों में शामिल होने के लिए कहा। इस अवसर पर कई ग्रामीणों सहित शहीद के परिजनों ने शहीद रमेश लाल को याद किया।