भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर सांबा के बैनगलाड क्षेत्र में बीएसएफ ने घुसपैठ को नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया। बीएसएफ के जवानों की ओर से की गई फायरिंग में वह घायल हो गया था। जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जम्मू संभाग में सांबा के बैनगलाड़ बॉर्डर पर पकड़े गए घुसपैठिए का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज में जारी है। उसे सुरक्षाबलों ने सीमा पर घायल अवस्था में पकड़ा था। चिकित्सकों ने उसकी हालत स्थिर बताई है। वह बार-बार बेहोश भी हो रहा है। इस कारण उससे पूछताछ नहीं हो पा रही कि आखिर वह किस मकसद से सीमा में घुसा था।
विज्ञापन
घुसपैठिए ने अपना नाम असीम निवासी लाहौर बताया था। पाकिस्तान की ओर से बीते एक महीने में दो बार बॉर्डर पर घुसपैठ की कोशिश की गई है। आठ बार पाकिस्तान के ड्रोन बॉर्डर पर नजर आ चुके हैं। तीन बार बीएसएफ ने पाकिस्तान के ड्रोन पर फायरिंग की है। तीन ही बार ड्रोन से फेंके गए हथियारों को बरामद किया है।
इससे साफ हे कि पाकिस्तान बॉर्डर पर घुसपैठ हर हाल में कराना चाहता है। सूत्रों का कहना है कि इस समय वाहनों की मूवमेंट काफी कम है। सिर्फ जरूरी सामान लेकर आने जाने वाले वाहनों की आवाजाही हो रही है। इसमें मुख्य रूप से ट्रक ही शामिल है।
विज्ञापन
इन ट्रकों की अधिक आवाजाही सांबा से वाया मानसर और उधमपुर से होकर श्रीनगर हो रही है। ऐसे में आतंकी संगठन इस फिराक में हैं कि सांबा बॉर्डर से आतंकियों की घुसपैठ कराई जाए। ड्रोन से हथियार फेंककर आतंकियों के पास पहुंचाए जाएं और इनको फिर कश्मीर पहुंचाया जाए। बीएसएफ के जम्मू फ्रंटियर प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से किसी भी हालत में इस तरह के प्रयास बंद नहीं हुए हैं। बीएसएफ पूरी तरह से सतर्क है।