गांधी जयंती पर धर्मनगरी के विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं ने जोरशोर से सफाई अभियान चलाया। हर ओर फोटो में कई बड़े अधिकारियों सहित कर्मचारियों को सफाई करते देखा गया। उस समय म्यूनिसिपल कमेटी भी सफाई व्यवस्था को संजीदगी से लेने की बात कही। लेकिन मौजूदा समय में नगर के प्रमुख स्थलों पर गंदगी के ढेर वैसे ही नजर आ रहे हैं।
श्राइन बोर्ड के निहारिका कांपलेक्स के मुख्य द्वारा पर ही अगर नजर डालें तो हर समय गंदगी का ढेर रहता है। इस पर जानवर मंडराते नजर आते हैं। हैरत की बात है कि हर दिन बड़ी संख्या में वीआईपी लोग इस द्वार के पास से गुजरते हैं तथा धर्मनगरी के सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों का भी इस ओर आना-जाना लगा रहता है। बावजूद इसके गंदगी उठाने के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई गई।
रियासी मार्ग की स्थिति भी कुछ इसी प्रकार की है। इस मार्ग से दर्शन के बाद ज्यादातर यात्रियों की वापसी होती है तथा इस स्थान से नाक बंद किए बिना गुजरना तक मुमकिन नहीं है। हालांकि रियासी मार्ग पर गंदगी फैंकने को लेकर विशेष मनाही है। बावजूद इसके हालात में बदलाव नहीं हुआ है। स्थानीय निवासी राजकुमार, वरुण, सुदेश आदि का कहना था कि स्वच्छ भारत को लेकर जो सपना देखा गया था, उस पर म्यूनिसिपल कमेटी संजीदगी दिखाए।