रावी दरिया में बिना अलर्ट जारी किए पानी छोड़ना रंजीत सागर बांध प्रबंधन के लिए महंगा साबित हुआ है। इस लापरवाही से जहां जराई का नायब सरपंच सैद मोहम्मद शुक्रवार को दरिया में बह गया, वहीं जिला प्रशासन के निर्देश पर कठुआ थाने में रंजीत सागर बांध प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कथित आपराधिक लापरवाही के आरोप में रणजीत सागर बांध पर कार्यरत पंजाब के एक मुख्य अभियंता सहित बांध प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी संजीव सिंह सलाथिया ने बताया कि एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) टीम नायब सरपंच की तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि बांध प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर संख्या 146/2015 के अंतर्गत आरपीसी की धारा 336 में मामला दर्ज कर लिया गया है।
बांध प्रबंधन पर मानव जीवन को खतरे में डालने के आरोप के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर, खफा ग्रामीणों ने शनिवार को हाईवे जाम कर अपना रोष प्रकट किया।