जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से बस स्टैंड के दुकानदारों का जल्द ही पुनर्वास किया जाएगा, क्योंकि मल्टीटायर पार्किगिं का टेस्टिंग वर्क शुरू हो गया है, जल्द ही बाकी कार्य को भी अमल में लाया जाएगा।
दुकानदारों को नरवाल, ट्रांसपोर्ट नगर में अस्थायी दुकानें दी जाएंगी। इसके लिए जेडीए ने सभी दुकानों का साइज तैयार करके कैटेगरी बना ली है, जिसके मुताबिक दुकानदारों को नरवाल में बैठाया जाएगा।
मल्टीटायर पार्किगिं का कार्य मुकम्मल होने के बाद दुकानदारों के पास बस स्टैंड या नरवाल में स्थायी रूप से रहने की अपनी च्वाइस होगी।
जेडीए की ओर से दुकानदारों के लिए यह प्रस्ताव भी रखा गया है कि नरवाल में उन्हें अस्थायी दुकानें दी जाएंगी, इसके अलावा अगर कोई वहां पर स्थायी तौर पर रहना चाहता है तो वह रुक सकता है, अन्यथा वह वापस बस स्टैंड आ दुकान कर सकता है।
बस स्टैंड में 24, 25 और 26 नंबर दुकानों के नाम से तीन मार्केट हैं, जो कि निर्माण कार्य के दौरान हटाई जाएंगी। दुकानों में मेकेनिक, फल, ड्राई फ्रूट, कपड़े, मोबाइल आदि दुकानें शामिल हैं।
सभी दुकानदारों को अपनी रोजी-रोटी की चिंता सता रही है कि नई जगह पर कारोबार कैसे चलेगा। जेडीए के वाइस चेयरमैन मुबारक सिंह के मुताबिक दुकानदारों का ख्याल सबसे पहले है।
उन्हें नरवाल ट्रांसपोर्ट नगर में भेजा जाएगा। इसके बाद उनके लिए च्वाइस होगी कि वह नरवाल में रहना चाहते हैं या वापस बस स्टैंड आना चाहते हैं।