पाकिस्तान सीमापार से बार-बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। उड़ी क्षेत्र में भी वह गोलाबारी कर रहा है। ऐसे में आग लगने का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए यहां दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया है। फायर एंड इमरजेंसी ऑफिसर शबीर उल हसन ने बताया, हमने श्रीनगर, बारामुला, सोपोर और पट्टन से एक-एक वाहन बुलाया है। क्षेत्र में भारी गोलीबारी के कारण पांच वाहनों को अलर्ट पर रखा गया है। हमारे पास एक फोम टेंडर, पांच वाटर टेंडर और पांच फायर इंजन तैयार हैं। स्थिति पर काबू पाने के लिए प्रशासन सतर्क है।
पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों की कायराना हरकत के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर से उन्हें जवाब दिया। नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार के आतंकी शिविरों पर हमले से बौखलाई पाकिस्तानी सेना लगातार नागरिक इलाकों को निशाना बना रही है। मंगलवार देर रात हमले के बाद बुधवार देर रात भी पीओके से तंगधार और उड़ी सेक्टर में गोलाबारी की गई।