रियासी। जिले के टड्डू अरनास से गुजर रही अंस नदी के किनारे से शुक्रवार को एक बुजुर्ग का शव बरामद हुआ है। जिसकी पहचान गोवर्धन सिंह पुत्र शिव राम निवासी चंकाह ठाकराकोट के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक लगभग 68 वर्षीय बुजुर्ग वीरवार को अरनास में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। देर रात को वह घर वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों ने सोचा कि रात ज्यादा होने के कारण वह शादी वाले घर में ही रुक गए होंगे। शुक्रवार सुबह भी गोवर्धन अपने घर पर नहीं पहुंचे, जिसके बाद उनकी तलाश शुरू हो गई।
शादी वाले घर से भी संपर्क किया गया, जहां से उनके रात को ही वापस लौटने का बात की गई। काफी तलाश के बाद बुजुर्ग का शव शुक्रवार दोपहर साढ़े तीन बजे टडडू क्षेत्र में अंस नदी के किनारे मिला। शव मिलने का पता चलते ही अरनास पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसका पोस्टमार्टम किया। जरूरी औपचारिकताएं निभाकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।