जम्मू। कोट भलवाल ब्लॉक के अंतर्गत कई इलाकों में बिजली, पानी, सड़क और बुनियादी सुविधाओं की काफी कमी है, जिस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस लिए समस्याओं का जल्द निदान कर राहत पहुंचाई जाए। यह मांग संबंधित जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने ब्लॉक दिवस में उठाई हैं।
जानकारी के अनुसार कोट भलवाल में बुधवार को ब्लॉक दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें डीसी अवनी लवासा ने मुख्य रूप से हिस्सा लेकर लोगों की समस्याओं को सुना है। क्षेत्रवासियों ने बिजली, पानी और सड़कों जैसी बुनियादी समस्याओं को उठाया। लोगों ने सार्वजनिक महत्व के प्रमुख मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लोगों की वास्तविक शिकायतों के शीघ्र निवारण के लिए मौके पर निर्देश पारित किए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों को अधिक से अधिक सेवाएं देने पर ध्यान केंद्रित किया जाए। ग्रामीण जनता तक लाभ पहुंचाने को सुनिश्चित करने वाले लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए उत्साह केसाथ काम किया जाए। सार्वजनिक महत्व के प्रमुख मामलों को गंभीरता से लिया जाए। सार्वजनिक सेवा वितरण में ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।