प्रदेश भाजपा को पंजाब के चार जिलों तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट और अमृतसर में चुनाव प्रचार की कमान सौंपी गई थी। इसी रणनीति को जम्मू कश्मीर में भी अपनाया जाएगा।
प्रदेश के पड़ोसी राज्य पंजाब समेत चार राज्यों में किए गए प्रचार को भाजपा जम्मू कश्मीर में भुनाएगी। पंजाब में भाजपा को केवल दो ही सीटों पर जीत दर्ज हुई है, लेकिन पार्टी ने जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पंजाब में चुनाव प्रचार करने गए प्रदेश भाजपा के नेताओं के अनुभवों को जम्मू-कश्मीर में भुनाने की तैयारी कर ली है।
विज्ञापन
प्रदेश भाजपा को पंजाब के चार जिलों तरनतारन, गुरदासपुर, पठानकोट और अमृतसर में चुनाव प्रचार की कमान सौंपी गई थी। प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष विरेंद्रजीत सिंह का कहना है कि प्रदेश भाजपा को जिन चार जिलों में चुनाव प्रचार की कमान मिली थी उनमें से पठानकोट में भाजपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की।
उनका कहना है कि पंजाब में भाजपा का संगठन उतना मजबूत नहीं था। जम्मू-कश्मीर के आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब में चुनाव प्रचार का अनुभव काफी काम आएगा। इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा भी दिशा निर्देश जारी कर चुके हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा प्रदेश भाजपा के जो नेता पंजाब में चुनाव प्रचार करने गए थे वह नियमित आधार पर पंजाब का दौरा करते रहेंगे ताकि वहां संगठन को मजबूत किया जा सके। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा के नेताओं में संगठन महासचिव अशोक कौल, सांसद जुगल किशोर शर्मा, उपाध्यक्ष असीम गुप्ता, मुनीश खजूरिया आदि नेताओं ने भी पंजाब में चुनाव के दौरान प्रचार किया।