जम्मू-कश्मीर में जैसे-जैसे विधानसभा चुनावों का समय नजदीक आ रहा है नेताओं को जनता और उनकी परेशानियां याद आने लगी हैं। अमूमन सभी दलों के नेता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को हल करने का आश्वासन दे रहे हैं।
आरएस पुरा में पीडीपी की बैठक पूर्व सांसद तरलोक सिंह बाजवा ने भी स्थानीय लोगों को पेश आ रहीं दिक्कतों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उमर अब्दुल्ला ने वादा पूरा नहीं किया
तरलोक सिंह बाजवा ने कहा कि राज्य की गठबंधन सरकार की गलत नीतियों के चलते आम लोगों और किसानों को बिजली और पानी जैसी सुविधाएं नहीं मिल रहीं। न तो किसानों को नहर से पानी मिल रहा है न ही बिजली की सुविधा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों से गांव में बंकर बनाने का किया वादा पूरा नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर राज्य के लोगों को मूलभूत सुविधाएं करवाने के लिए पार्टी द्वारा प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा।
नेकां नेता ने सुनीं लोगों की समस्याएं
नेशनल कांफ्रेंस के कठुआ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी किशोर कुमार बक्षी ने खोख्याल और नगरी तहसील के वार्डों का दौरा कर समस्याओं को सुना और उन्हें पूरा करने का वादा किया।
भारी संख्या में लोगो ने इक्ठ्ठे होकर प्रत्याशी को समस्या बताईं। बिजली कटौती और सड़क की खस्ता हालत से जुड़ी समस्याएं लोगों ने बताई। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया।
इस मौके पर ब्लाक प्रधान रविन्द्र सलाथिया, उप प्रधान प्यार सिंह, राज कुमार, प्रेम सिंह व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।