संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। मेहमान दिल्ली और मेजबान जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी के दूसरे मुकाबले का दूसरा दिन खराब मौसम से प्रभावित रहा, जिस कारण दूसरे दिन शनिवार को खेल नहीं हो सका। हालांकि, अंपायरों ने दो बार रोशनी का मुआयना किया, लेकिन पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण खेल नहीं हो सका। दो दिनों में सिर्फ एक ओवर का खेल हो पाया है। इससे पहले शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर दिल्ली को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। दिल्ली के सलामी बल्लेबाज यश धूल और सलिल मल्होत्रा बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे, लेकिन सिर्फ एक ओवर का ही खेल हो सका था। दोनों सलामी बल्लेबाज शून्य के स्कोर पर नाबाद हैं। टीम का स्कोर भी शून्य है।
बता दें कि दोनों टीमों ने दूसरे मुकाबले में अपनी-अपनी अंतिम एकादश में बदलाव किए हैं। जम्मू ने दो जबकि दिल्ली ने छह बदलाव किए हैं। पुडुचेरी के खिलाफ पहला मुकाबला 9 विकेट हारने के बाद दिल्ली ने यश धूल को कप्तानी से हटा दिया था और हिम्मत सिंह को टीम की कमान सौंपी है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के बीच रणजी का पहला मुकाबला भी खराब मौसम के कारण ड्रॉ रहा था और पहली पारी में पिछड़ने के कारण जम्मू-कश्मीर को एक ही अंक से संतोष करना पड़ा था। अब दूसरे मुकाबले में दो दिनों का खेल बाकी है। यह मुकाबला भी ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। ग्रुप डी के अंक तालिका में जम्मू-कश्मीर एक अंक के साथ पांचवें और दिल्ली बिना किसी अंक के अंतिम पायदान पर है।