अयोध्या भूमि विवाद पर आज आने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। शुक्रवार आधी रात से पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गई है। पांच से अधिक लोगाें को समूह में चलने की अनुमति नहीं होगी। आज स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। सरकार ने शनिवार को ड्राई डे घोषित कर दिया है। पटाखे फोड़ने पर भी पाबंदी रहेगी।
शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक ने जम्मू पुलिस कंट्रोल रूम में आपात बैठक बुलाकर सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों को एहतियातन इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए। अफसरों से अपने जिला मुख्यालय पर बने रहने और पूरे अमले को हाई अलर्ट पर रखने की हिदायत जारी की है। डीजीपी ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
इस बीच जिला उपायुक्तों को सर्वोच्च न्यायालय के फैसले पर प्रतिक्रिया स्वरूप किसी भी प्रकार की रैली करने पर रोक को सख्ती से लागू करने की अपील की है। उधर, सिविल प्रशासन ने भी सुप्रीम फैसले की पूर्वसंध्या से ही एहतियाती इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए।