जम्मू। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर मंगलवार को गांधीनगर अस्पताल से पैरा मेडिकल की छात्राओं ने रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान तंबाकू से दूर रह कर भरपूर जिंदगी जीने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू का सेवन समाज को खोखला कर रहा है। इसे गले लगाकर हम मौत को न्योता दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत रैली का आयोजन गांधीनगर अस्पताल से किया गया। रैली शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक के बाहर संपन्न हुई। रैली के साथ एक जागरूकता वैन भी रवाना हुई थी। इस मौके पर मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने कहा कि तंबाकू से बचाव के लिए अभिभावकों की भूमिका अहम है। उन्हें अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देने के साथ ही अधिक समय देने की कोशिश करनी चाहिए। डॉ. गुरमीत ने कहा कि तंबाकू से दूर रहकर वातावरण को भी स्वच्छ बना सकते हैं। तंबाकू के लिए जागरूक करने के लिए समाज को आगे आने की जरूरत है। इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेंद्र बुतियाल आदि मौजूद रहे।