इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) और रक्षा मंत्रालय के सासे (स्नो एंड अवलांच स्टडी इस्टैब्लिशमेंट) के निदेशक द्वारा जारी की गई मौसम की भविष्वाणी को ध्यान में रखते हुए कश्मीर में मध्य खतरे वाले एवलांच की चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी जम्मू कश्मीर के उन सभी इलाकों के लिए है जो 3000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हैं।
जिन ज़िलों में एवलांच आने का खतरा है उनमें कश्मीर संभाग के बारामुल्ला, कुपवाड़ा, बांडीपुरा, गांदरबल, लद्दाख संभाग के कारगिल शामिल हैं जबकि जम्मू संभाग के राजौरी, पुंछ, डोडा, रियासी, रामबन ज़िले शामिल हैं।
इस संदर्भ में लोगों को अगले 48 घंटे तक उन इलाकों में जाने से परहेज़ करने को कहा गया है जहाँ एवलांच आने का खतरा हो। जारी की गई चेतावनी में कहा गया है कि खराब मौसम के चलते एवलांच आ सकते हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में सड़कों की रुकावट भी पैदा हो सकती है।
वहीं सभी ज़िलों के डिप्टी कमिश्नरों को स्थिति को मॉनिटर करने के निर्देश जारी किए गए हैं और किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान से बचने के लिए ज़रूरी कदम उठाने के लिए भी कहा गया है। साथ ही जिला मुख्यालयों में लोगों की सहायता और स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किये गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे के दौरान फर्कियां में 66 सीएम, ज़ेड-गली में 41 सीएम, बानिहाल टॉप में 6 सीएम, गुलमर्ग में 43 सीएम, हदन ताज में 28 सीएम जबकि नीलम घाटी में 35 सीएम ताज़ा बर्फबारी हुई है।