रामबन। जिले में अंतर-क्षेत्रीय जिला स्तरीय एथलेटिक मीट 2021-22 गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में शुरू हुआ। इसका आयोजन युवा सेवा एवं खेल विभाग के निदेशक गजानफर अली के संरक्षण में हुआ। जिसमें भारी संख्या में सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इसके उद्घाटन समारोह में स्कूल के प्रिंसिपल रंजय कुमार ने छात्रों को खेलों के महत्व पर प्रकाश डालने के अलावा इस तरह के खेल आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। 14 वर्ष से कम आयु वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिताओं में रामबन के आकिब सलीम, बटोत के साहिल सिंह और खड़ी के मुजफ्फर अहमद ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते।
जबकि, 17 वर्ष आयु वर्ग में एचएसएस खारी के सकलैन मुश्ताक, एचएस सेनाबती के मोहम्मद आसिब और एचएस चंजलू के जहांगीर अहमद ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक पाया। इसी तरह एचएसएस रामबन के मंजीत कुमार, एचएसएस उखडाल के सुरजीत सिंह और एचएसएस बनिहाल के मुमताज अहमद ने 19 आयु वर्ग में स्वर्ण, रजत और कांस्य के पदक अपने नाम किए।
14 वर्ष से कम आयु वर्ग में ऊंची कूद में यूपीएस जरदी बनिहाल के जाहिद इशाक नाइक और यूपीएस जाबा के मोहम्मद जुनैद ने स्वर्ण और रजत पदक जीते। वहीं, 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के एचएस पेरहिंदर के इशफाक महमूद और एचएस त्राना खाड़ी के तारिक अहमद ने स्वर्ण और रजत पदक जीते।
100 मीटर दौड़ में 14 आयु वर्ग के तहत दौड़ प्रतियोगिता में बीवीएम रामबन के राहुल सिंह, यूपीएस लबलूटा के साहिल इकबाल और यूपीएस सेरोह के साहिल सिंह ने क्रमश: स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। एथलेटिक मीट के आयोजनों का संचालन धर्मवीर सिंह जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रामबन और विभाग के अन्य अधिकारियों सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों के एक पैनल की ओर से किया जा रहा है।