फैसले पर नहीं होनी चाहिए कोई राजनीति : रैना
प्रदेश भाजपा प्रमुख रविंद्र रैना ने कहा कि शीर्ष अदालत ने पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से दोनों पक्षों को सुना है। उन्होंने कहा हमें विश्वास है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं रह जाएगा। हम सभी इस लोकतांत्रिक देश के नागरिक हैं और सुप्रीम कोर्ट जो भी फैसला करेगा, उसका सभी को सम्मान करना चाहिए और उसे स्वीकार करना चाहिए। हमारी न्यायपालिका सबसे महान है। फैसले पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।
देश की एकता, अखंडता को बरकरार रखने की जिम्मेदारी शीर्ष अदालत की : महबूबा
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि यह सुनिश्चित करना शीर्ष अदालत की जिम्मेदारी है कि वह भाजपा के एजेंडे को आगे न बढ़ाए, बल्कि देश की अखंडता और उसके संविधान को बरकरार रखे। मुझे लगता है कि निर्णय सरल होना चाहिए कि 5 अगस्त, 2019 को जो कुछ भी किया गया वह अवैध, असंवैधानिक, जम्मू-कश्मीर और यहां के लोगों से किए गए वादों के खिलाफ था।
हम अपनी पहचान के लिए शांतिपूर्ण तरीके से लड़ेंगे : उमर
नेशनल कांफ्रेंस के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उमर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट को फैसला सुनाने दीजिए। हम अपनी पहचान को बचाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से लड़ेंगे, चाहे कितना भी समय लगे। उन्होंने कहा कि अगर शांति भंग करनी ही होती तो 2019 के बाद करते। वह रविवार को उत्तरी कश्मीर के राफियाबाद में आयोजित रैली में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कोई नहीं कह सकता कि फैसला क्या होगा। ऐसे में कार्यकर्ताओं को थाने बुलाने की क्या जरूरत है। शनिवार से कार्यकर्ताओं को पुलिस स्टेशन बुलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें धमका रही है।