चोरी हए मबेशीयों को मालिकों को सौंपते हए थाना प्रभारी अरनीया तिलक राज।
अरनिया। पुलिस ने पशु तस्करों पर नकेल कसते हुए चार और तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पकड़े गये सभी मवेशियों को उनके मालिकों को सौंप दिया। पशु पाकर मालिक थाना प्रभारी की प्रशंसा करते नजर आए।
उल्लेखनीय है कि आठ मार्च को क्षेत्र के गांव कल्याना से एक किसान के दो मवेशी चोरी हुए थे। दूसरे दिन ही चोरी हुए दोनों मवेशियों सहित चार तस्करों को दबोच लिया गया। अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दिया। इसके तहत गत वर्ष 27 नवंबर को चोरी हुए छह मवेेशियों सहित तस्करी में शामिल अन्य चार को भी पकड़ लिया। किसान सेल अरनिया के प्रधान बचन सैनी ने थाना प्रभारी अरनिया के इस कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि हम इनकी जितनी भी सराहना करें कम हैं। चोरी हुए मवेशियों को उनके मालिकों को सौंप कर मिसाल कायम की है।
किसान कमलजीत सिंह ने कहा कि आज जिन लोगों के मवेशियों को पुलिस ने सौंपा है वो लगभग सभी मवेशियों के दूध पर निर्भर थे। अब यह लोग दूध बेच कर अपना पालन पोषण कर सकेंगे।
थाना प्रभारी तिलक राज का कहना है कि काल्याना पशु तस्करी के मामले में आठ मार्च को चार तस्करों को पकड़ा था, जबकि इनके अन्य तस्कर साथियों की तलाश की जा रही थी, जिससे अन्य चार और तस्करों को पकड़ लिया। इनसे बरामद छह मवेशियों को उनके मालिकों को सौंप दिया गया है।