जम्मू कश्मीर के ज्यौड़ियां में खौड़ उपजिले की तीन तहसीलों के 44 गांव आईबी या एलओसी से सटे हैं। प्रशासन ने सीमा पर गोलाबारी जैसे हालात बनने पर सुरक्षित स्थान पर ठहराने के लिए 13 शिविर बनाए हैं। इसमें खौड़ उपजिले की तहसील खौड़, खडाहबली तथा परगवाल शामिल हैं। शिविरों में साफ पानी खाने, शौचालय आदि प्रबंध कर दिए हैं। गाड़ियों का प्रबंध भी कर दिया है। गाड़ियां किस रूट से होकर लोगों को शिविरों तक पहुंचाएगी सब तय कर लिया गया। राजस्व विभाग के मुताबिक इन गांवों की कुल जनसंख्या 61979 है।
खौड़ के 21 गांवों के लोगों के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल, रामास्वामी सत्संग घर, कम्यूनिटी हाल, चक मलाल, हाई स्कूल नारायणा, राधा स्वामी सत्संग आश्रम पनयाली, तहसील खड़ाह बली के तीन गांवों के लोगों के लिए सरकारी हाई स्कूल कलाह, बाबा मईमल देवस्थान डोरी डगेर, कम्यूनिटी हाल खडाह, मिडिल स्कूल सजवाल, राधा स्वामी सत्संग आश्रम खडाह तथा तहसील परगवाल के 19 गांवों के लोगों के लिए फारेस्ट विभाग के ट्रेनिंग स्कूल डूमी, राधा स्वामी सत्संग आश्रम देयारन तथा सरकारी हाई स्कूल कगंरेल में शिविर बनाए गए हैं। शिविरों का एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर ने निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि किसी भी किसी प्रकार की परेशानी होने पर लोगों को शिविरों में लाया जाएगा।
एलओसी पर तनाव के चलते हाई अलर्ट
भारतीय वायु सेना की तरफ से मंगलवार को पीओके में हुई कार्रवाई से एलओसी पर तनाव बढ़ गया है। एलओसी पर पाक सेना की हर हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय सेना को हाई अलर्ट पर है। वायुसेना की तरफ से पीओके में आतंकी शिविरों को नष्ट करने के बाद मंगलवार को दिन के अलावा रात में साढ़े नौ बजे भी वायुसेना के लड़ाकू विमान गश्त कर रहे थे। लड़ाकू विमानों की आवाज से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग भारत-पाक में युद्ध की आशंका के चलते डरे हुए हैं। वहीं, डीसी राजोरी मोहम्मद एजाज असद ने भारत-पाक में तनाव को देखते हुए बुधवार को पांचवीं, छठीं और सातवीं की परीक्षा को भी स्थगित कर दिया है।