कश्मीर के कुलगाम में लश्कर के मोस्ट वांटेड कमांडर जुनैद मट्टू के अंत के बाद सुरक्षाबलों के हौसले बुलंद है। आतंकियों की नापाक साजिश और कश्मीर में एलओसी पार से हो रही आतंकी घुसपैठ के बीच सुरक्षाबलों की बदली रणनीति का असर अब घाटी में आतंक के अंत के साथ दिखने लगा है।
आतंक के खिलाफ सेना की बदली रणनीति के तहत अब उन इलाकों में पूरी सक्रियता दिखाने की है जिनमें आतंकियों ने अपने गढ़ बनाने की साजिश रची थी। सेना की बदली रणनीति का ही एक हिस्सा है ऑपरेशन केटीसी। सेना के ऑपरेशन केटीसी का पूरा नाम ऑपरेशन किल टॉप कमांडर है जिसे कि भारतीय सेना के द्वारा आतंकियों के आकाओं के अंत के लिए कश्मीर में शुरू किया गया है।
इस ऑपरेशन की शुरूआत उस वक्त हुई है जब कि कश्मीर में आतंकियों के तमाम वीडियो को वायरल कराकर आतंकी संगठन द्वारा घाटी में अपनी मौजूदगी साबित करने की कोशिश की जा रही थी। इसे पूरी गंभीरता से लेते हुए सेना और केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा कश्मीर में आतंक के अंत के लिए एक दोहरी रणनीति की शुरूआत की गई।