उत्तरी कश्मीर के उड़ी सेक्टर के बोनियार इलाके में सेना और आतंकियों के बीच शुक्रवार की सुबह से शुरू हुई मुठभेड़ अभी भी जारी है। सेना द्वारा बड़े पैमाने पर आतंकियों के खिलाफ अभियान छेड़ा हुआ है। इलाके से हथियार और गोला बारूद भी बरामद किया गया है।
उड़ी सेक्टर के बोनियार में शनिवार को दूसरे दिन भी आतंकियों के खिलाफ सेना का अभियान बड़े पैमाने पर जारी रहा। मुठभेड़ को भीषण होता देख शुक्रवार देर रात अतिरिक्त जवानों को ऑपरेशन के लिए बुलाया गया जिनमें उच्च नवीनतम प्रशिक्षण प्राप्त किए हुए कमांडो भी शामिल थे।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह एक बार फिर आतंकियों और सेना के बीच संपर्क हुआ और कुछ देर के लिए भीषण फायरिंग शुरू हुई, जो दोपहर तक रुक रुक कर जारी रही। सेना के प्रवक्ता द्वारा जारी बयान के अनुसार घटनास्थल से तीन एके-57 राइफल, तीन पिट्ठू और अन्य प्रकार के हथियार बरामद हुए हैं।
बयान के अनुसार इलाके में आतंकियों के खिलाफ सेना का ऑपरेशन बड़े पैमाने पर जारी है। फिल्हाल इस मुठभेड़ में 5 आतंकियों के मारे जाने की खबर है जबकि पुष्टि केवल 3 आतंकियों की ही हुई है।