जम्मू। पीएमओ में मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कोविड 19 के खिलाफ सिविल सेवकों के योगदान की सराहना की है। नई दिल्ली में सिविल सेवा दिवस के अवसर पर विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सचिवों, सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी)/कार्मिकों के साथ एक राष्ट्रव्यापी वीडियो कॉन्फ्रेंस में डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत मजबूत बनकर उभरा है।
कोरोना योद्धा और सिविल सेवकों की सेवा ने इसे संभव बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने देश भर के 700 से अधिक जिलों में कलेक्टरों, उपायुक्तों और डीएम की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि जब से कोरोना संकट शुरू हुआ है, तब से वह नियमित रूप से टेलीफोन पर या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से देश भर के कई जिला कलेक्टरों और जिला आयुक्तों के साथ संपर्क में हैं और जिस आत्मविश्वास के साथ वे काम कर रहे हैं वह एक शुभ संकेत है। प्रधानमंत्री ने हमें मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस का मंत्र दिया है और वह ऑन-द-स्पॉट निर्णय लेने के कौशल प्रदर्शन पर खरे उतरे हैं।